
अल्मोड़ा में साइबर ठगों ने पांचवीं कक्षा के छात्र को बनाया निशाना, मां के इलाज का बहाना बनाकर जीता भरोसा; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अल्मोड़ा: साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक मासूम बच्चे को अपने जाल में फंसा लिया। मदद के नाम पर महज एक रुपये भेजने से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते लाखों रुपये की ठगी में बदल गया। ठगों ने बच्चे से मोबाइल पर आया OTP हासिल कर उसकी मां के बैंक खाते से 2 लाख 6 हजार 389 रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां के इलाज का बहाना बनाकर बच्चे से मांगे एक रुपये: मामला अल्मोड़ा के एनटीडी क्षेत्र के बलढौटी का है। पीड़ित महिला के अनुसार उनका बेटा पांचवीं कक्षा में पढ़ता है और स्कूल से लौटने के बाद रोजाना कुछ समय मोबाइल पर गेम खेलता है। बीते 15 नवंबर को भी बच्चा मां के मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया।
फोन करने वाले ने पहले बच्चे से बातचीत कर उसका विश्वास जीता। इसके बाद अपनी मां के इलाज का हवाला देते हुए एक रुपये की आर्थिक मदद मांगी। उसकी बातों में आकर बच्चे ने गूगल पे के माध्यम से एक रुपये भेज दिए।
OTP बताते ही खाते से गायब हो गई रकम: एक रुपये भेजने के बाद आरोपी ने बच्चे से मोबाइल पर आए OTP के बारे में पूछा। अनजान व्यक्ति पर भरोसा करते हुए बच्चे ने OTP बता दिया। इसके बाद साइबर ठगों ने महिला के बैंक खाते से 2,06,389 रुपये निकाल लिए।
परिवार को शुरुआत में खाते से रकम कम होने की वजह समझ नहीं आई। महिला के पति के मुताबिक, 22 नवंबर को उन्हें इस गड़बड़ी का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि उनके खाते से पत्नी के खाते में रकम ट्रांसफर हो रही थी और पत्नी के खाते से पैसे निकाले जा रहे थे। बैंक संबंधी जानकारी की पड़ताल में सुनंदा यादव नाम के खाते का भी पता चला, जिसमें रकम भेजे जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आईटी सेल को सौंपी जांच: ठगी का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत ने बताया कि एनटीडी क्षेत्र के बलढौटी निवासी महिला ने अज्ञात व्यक्ति पर पहचान छिपाकर साइबर ठगी करने की शिकायत दी है।
पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर ठगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आईटी सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अभिभावक रहें सतर्क, बच्चों को समझाएं OTP की अहमियत: यह घटना अभिभावकों के लिए भी चेतावनी है। बच्चों को मोबाइल पर अनजान लोगों से बातचीत करने, किसी के कहने पर ऑनलाइन पैसे भेजने और OTP साझा करने के खतरों के बारे में जरूर बताएं। बैंक या UPI से जुड़ा OTP किसी अनजान व्यक्ति को कभी न बताएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
