देहरादून: आस्था और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ भी हो जाएगा।
मुख्यमंत्री करेंगे पूजा-अर्चना में सहभाग
कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचेंगे और परंपरानुसार धार्मिक अनुष्ठान व पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर
कपाट खुलने को लेकर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। “हर-हर महादेव” के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
भव्य सजावट और व्यापक व्यवस्थाएं
मंदिर को फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
- सड़कों की मरम्मत और सुचारू यातायात व्यवस्था
- पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, खान-पान और पेयजल की सुविधा
- विद्युत और सोलर लाइट की व्यवस्था
- हर दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र (एमआरपी)
इसके साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए आधुनिक शौचालय और गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना
देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं—राजस्थान के शेर सिंह, ऋषिकेश के सौरभ कालरा, देहरादून के ध्रुव, चमोली के पुष्पा बिष्ट और नरेंद्र बिष्ट, तथा पौड़ी की सोनाली नेगी—ने यात्रा व्यवस्थाओं, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन की सराहना की।
डोली पहुंचने से बढ़ी भक्ति की भावना
उल्लेखनीय है कि कपाट खुलने से एक दिन पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली धाम पहुंच चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल चरम पर पहुंच गया है।


