बाबा केदारनाथ धाम के कपाट आज प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ भी हो जाएगा।
भव्य सजावट ने बढ़ाई आस्था की छटा
कपाट खुलने से पहले मंदिर को बेहद भव्य तरीके से सजाया गया है। पूरे केदारनाथ धाम को करीब 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है, जिससे धाम की दिव्यता और भी बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगी पहली पूजा
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी केदारनाथ पहुंच रहे हैं। परंपरा के अनुसार, कपाट खुलने के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा-अर्चना की जाएगी।
ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़
केदारनाथ धाम में इस समय कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। सुबह से ही करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालु धाम में पहुंच चुके हैं और बाबा के दर्शन के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
आस्था का केंद्र बना केदार धाम
“हर-हर महादेव” के जयकारों के बीच पूरा केदारनाथ धाम भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हैं।


