हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेला 2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। समीक्षा के दौरान 21 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान यातायात प्रबंधन, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों से तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट भी ली गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि देशभर से आने वाले लाखों कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हरिद्वार में आयोजित होने वाला कांवड़ मेला देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक माना जाता है। ऐसे में प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।



