रिपोर्ट: धर्मेंद्र सिंह
उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मसूरी को जल्द ही आधुनिक रोपवे नेटवर्क की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UMRC) की ओर से शहर में पांच नई रोपवे परियोजनाओं की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ मसूरी की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम से राहत दिलाना है।
बताया जा रहा है कि पुरकुल–मसूरी रोपवे परियोजना पहले से ही अपने अंतिम चरण में है। इसके अलावा शहर के विभिन्न प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए पांच नए रोपवे प्रस्तावित किए गए हैं। इन सभी परियोजनाओं की डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार हो चुकी है और अगले दो महीनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
सचिव आवास विकास ने किया स्थलीय निरीक्षण
रोपवे परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए सचिव आवास विकास डॉ. आर. राजेश कुमार ने मसूरी में प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थानों का दौरा कर परियोजनाओं की व्यवहार्यता और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि लगभग 11.7 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना के तहत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों से भी सुझाव लिए जाएंगे, ताकि परियोजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर बनाया जा सके।
मसूरी में प्रस्तावित 5 नए रोपवे
मसूरी के लिए जिन पांच रोपवे परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है, उनमें शामिल हैं—
- ईएसआई डिस्पेंसरी (कैमल बैक रोड) से जॉर्ज एवरेस्ट
- ईएसआई डिस्पेंसरी (कैमल बैक रोड) से लाल टिब्बा
- भनोट स्टेट से केंपटी फॉल
- मल्टीलेवल कार पार्किंग (किंक्रेग) से चिक चॉकलेट, माल रोड
- हाइलैंड स्टेट से कंपनी गार्डन
इन परियोजनाओं के शुरू होने से पर्यटकों को प्रमुख दर्शनीय स्थलों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिलेगा।
जाम और पार्किंग की समस्या पर भी रहेगा फोकस
स्थानीय लोगों ने रोपवे परियोजनाओं का स्वागत किया है। हालांकि उनका कहना है कि मसूरी में पार्किंग और सड़क चौड़ीकरण की समस्या का समाधान भी उतना ही जरूरी है। उनका मानना है कि यदि रोपवे परियोजनाओं के साथ पर्याप्त पार्किंग और बेहतर सड़क अवसंरचना विकसित की जाती है, तो इससे पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा शहर को लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
पार्किंग स्थलों का भी होगा विकास
सचिव आवास विकास डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि रोपवे परियोजनाओं के साथ-साथ पार्किंग सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों दोनों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
माना जा रहा है कि इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मसूरी में पर्यटन अनुभव पहले से अधिक सुगम, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल होगा।



