संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की: शहर में अवैध खनन का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। सोलानी नदी से बड़े पैमाने पर रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए खुलेआम शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचाई जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रामपुर चुंगी से लेकर आजाद नगर और रामनगर चौक तक रेत से भरे वाहन लगातार नजर आते हैं। इन वाहनों की आवाजाही इतनी ज्यादा है कि आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इन वाहनों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दिन के समय अवैध खनन का होना यह दर्शाता है कि खनन माफियाओं को कानून का कोई डर नहीं है। ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में चलती हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जाए। जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।