रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून: ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात पुलिस और दो इनामी बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आमिर और अनवार उर्फ सफकत के रूप में हुई है। दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और रोजगार की तलाश में ऋषिकेश आए थे।
पुलिस के मुताबिक 4 जून को ऋषिकेश क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर आरोपियों का कुछ स्थानीय लोगों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
देर रात पुलिस द्वारा की जा रही सघन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अनवार बिहार में हत्या और लूट के एक गंभीर मामले में भी वांछित चल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लूट की एक वारदात के दौरान उसने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
फिलहाल दोनों आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है और उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को देहरादून पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।



