देहरादून में अचानक बिगड़े मौसम ने जनजीवन पर असर डाला है। तेज हवा और खराब मौसम के चलते शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ और वाहनों को नुकसान पहुंचा।
फायर स्टेशन देहरादून को सुबह 10:00 बजे PFT के माध्यम से सूचना मिली कि कौलागढ़ स्थित ओएनजीसी कॉलोनी गेट के बाहर एक पेड़ गिर गया है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए वुडन कटर की मदद से पेड़ को काटकर हटाया। इसके बाद मार्ग को फिर से सुचारु कर दिया गया।
इस घटना में एक कार पेड़ के नीचे दब गई थी, जिसे फायर टीम ने सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
इसके बाद सुबह 10:38 बजे RT सेट और टेलीफोन के माध्यम से एक और सूचना प्राप्त हुई। सचिवालय की पार्किंग में भी एक पेड़ गिर गया था। फायर यूनिट ने मौके पर पहुंचकर वुडन कटर की सहायता से पेड़ को काटा और उसे किनारे हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े हादसों को टाल दिया गया और यातायात व्यवस्था को जल्द बहाल किया गया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।


