उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने संगठन विस्तार पर जोर तेज कर दिया है। पार्टी न केवल अपने जनाधार को मजबूत करने में जुटी है, बल्कि विपक्षी दलों में हो रही टूट का भी लाभ उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।
इसी क्रम में बीते दिन कांग्रेस की दो महिला नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसे बीजेपी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी के बढ़ते कुनबे को लेकर प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कहा कि बीजेपी लगातार प्रदेश और देशहित में काम कर रही है। यही वजह है कि लोग पार्टी की कार्यशैली से प्रभावित होकर उससे जुड़ रहे हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति बीजेपी की विचारधारा के साथ प्रदेश हित में काम करना चाहता है, उसका पार्टी में हमेशा स्वागत है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले इस तरह के घटनाक्रम आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति पर असर डाल सकते हैं।


