संवाददाता: सागर रस्तोगी
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक नई पहल की शुरुआत की है। इसके तहत 12 ट्रैफिक वॉलिंटियर्स को पुलिस टीम में शामिल किया गया है, जो विभिन्न प्रमुख स्थानों पर यातायात संचालन में पुलिस की सहायता करेंगे।
पुलिस कप्तान श्वेता चौबे ने भद्राकाली पुलिस चौकी पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी वॉलिंटियर्स को टी-शर्ट, टोपी और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने वॉलिंटियर्स को पूरे उत्साह, लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस कप्तान ने कहा कि ट्रैफिक वॉलिंटियर्स की भूमिका भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को नियंत्रित करने और आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा सीजन के समापन पर सभी वॉलिंटियर्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
वॉलिंटियर्स ने भी पुलिस प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में अपना सर्वोत्तम योगदान देंगे और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। पुलिस की ओर से ड्रेस और आईडी कार्ड प्राप्त कर सभी वॉलिंटियर्स उत्साहित और गौरवान्वित नजर आए।
इन सभी ट्रैफिक वॉलिंटियर्स की तैनाती तपोवन, ब्रह्मानंद मोड़, भद्रकाली, मधुबन आश्रम चौक सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थानों पर की जाएगी, जहां वे यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में पुलिस का सहयोग करेंगे।
यह पहल स्थानीय स्तर पर यातायात प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


