रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून नगर निगम की चतुर्थ बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। इस बैठक के बाद महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामि बंसल ने मीडिया से बातचीत करते हुए लिए गए निर्णयों की विस्तृत जानकारी साझा की।
सफाई कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला
महापौर सौरभ थपलियाल ने बताया कि बैठक में सफाई कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब नगर निगम के सफाई कर्मियों के मानदेय में ₹800 की बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।
अवैध हुक्का बार और पब पर होगी कार्रवाई
नगर निगम ने शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार और पब के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। महापौर ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में प्रशासन और शासन को पत्र भेजकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
71 प्रस्तावों पर हुई चर्चा
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने जानकारी दी कि बैठक में कुल 71 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें 65 प्रस्ताव पार्षदों द्वारा और 6 प्रस्ताव नगर निगम के विभिन्न अनुभागों से जुड़े थे। उन्होंने बताया कि धारा 91 के तहत भी कई नीतिगत निर्णय लिए गए हैं, जो शहर के विकास कार्यों को गति देंगे।
नगर निगम की यह बैठक शहर के विकास, सफाई व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।



