उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट एक बार फिर सही साबित हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में जहां तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी दी गई थी, वहीं इसका असर जसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी साफ देखने को मिला।
अगले दो दिनों के लिए जारी मौसम विभाग के अलर्ट के बीच जसपुर और आसपास के कई गांवों में दूसरे दिन भी तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। इस बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है।
लगातार 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद मौसम ठंडा और शिमला जैसा महसूस हो रहा है, जिससे हर कोई राहत की सांस ले रहा है।
बारिश का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी देखने को मिला है, सभी जीवों ने इस बदलते मौसम में राहत महसूस की है।
स्थानीय लोगों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह बारिश मौसम विभाग की भविष्यवाणी को पूरी तरह सही साबित कर रही है। कई लोगों ने इसे भगवान इंद्रदेव की कृपा बताते हुए कहा कि यह बारिश फसलों के लिए भी बेहद लाभकारी है।
किसानों के अनुसार यह बारिश धान, गन्ना, चरी सहित कई प्रमुख फसलों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी, जिससे उत्पादन में बढ़ोतरी की उम्मीद है।


