कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में भूधंसाव से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान और पुनर्वास प्रक्रिया को गति देने के लिए सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विकासखंड कर्णप्रयाग सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें प्रभावित परिवारों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सुनना, समाधान के लिए आपसी सहमति बनाना और मुआवजा व पुनर्वास प्रक्रिया को आगे बढ़ाना रहा। जिलाधिकारी ने बहुगुणा नगर और सुभाष नगर के प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि सभी परिवार आपसी सहमति से क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे और संभावित विस्थापन को लेकर एक संयुक्त प्रस्ताव तैयार करें। इस प्रस्ताव को शासन को भेजा जाएगा, जिससे नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने जानकारी दी कि उन्होंने कर्णप्रयाग के भूधंसाव की गंभीर स्थिति को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया है। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए आपदा प्रबंधन सचिव से चर्चा की, जिसके परिणामस्वरूप यह बैठक आयोजित की गई। उन्होंने प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे जल्द से जल्द सहमति बनाकर लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि मुआवजा वितरण और भूधंसाव उपचार कार्यों की शुरुआत हो सके।
अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में तकनीकी रूप से आवश्यक ट्रीटमेंट कार्य प्रस्तावित हैं। हालांकि, मुआवजे को लेकर परिवारों के बीच सहमति न बनने के कारण कार्यों में देरी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही सहमति बनती है, विभाग प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू कर देगा।


