रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए मंगलौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह का हुड़दंग, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी ने बताया कि दिल्ली, मेरठ, हरियाणा और राजस्थान से आने वाले शिवभक्त कांवड़िए नारसन बॉर्डर के रास्ते लंढौरा, लक्सर और बैरागी कैंप होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इसे देखते हुए पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।
उन्होंने कांवड़ियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें और कांवड़ की ऊंचाई भी प्रशासन द्वारा तय नियमों के अनुसार ही हो। साथ ही सभी श्रद्धालु यातायात नियमों का पालन करें और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें।
सीओ अभिनव चौधरी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलौर पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द, अनुशासन और श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल हों, ताकि यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



