रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताकर देशभर में लोगों से मोटी रकम की ठगी करता था।
महिला जनप्रतिनिधि से 25 लाख रुपये की ठगी
मामला थाना राजपुर क्षेत्र का है, जहां भावना पांडे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कनिष्क सिंह नाम के व्यक्ति ने स्वयं को एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के वरिष्ठ पदाधिकारी का निजी सचिव बताया और उत्तराखंड में सर्वे तथा पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने इसके एवज में 25 लाख रुपये की मांग की। 13 अप्रैल को उसके एक साथी ने राजपुर रोड स्थित आवास पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से 25 लाख रुपये ले लिए।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जाखन क्षेत्र में एक राजनीतिक संपर्क के जरिए पैसे लेने आने वाला है।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमृतसर (पंजाब) निवासी कनिष्क उर्फ गौरव कुमार को जाखन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में फैला ठगी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से देश के अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
- 2017 में जयपुर (राजस्थान) में दो नेताओं से विधायक टिकट दिलाने के नाम पर ₹1.90 करोड़ और ₹12 लाख की ठगी
- 2025 में पटना (बिहार) में एक नेता से पार्टी में पद दिलाने के नाम पर ₹3 लाख की ठगी
- अन्य राज्यों में भी राजनीतिक प्रभाव दिखाकर कई लोगों से मोटी रकम वसूली
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
देहरादून पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और उसके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं।


