रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी के निकट जौनपुर ब्लॉक के ग्राम तूनेटा में भगवान नागराज का भव्य और पारंपरिक मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में मसूरी सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और नाग देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मेले के दौरान भगवान नागराज की डोली को मंदिर प्रांगण से पूरे विधि-विधान के साथ गांव के लिए रवाना किया गया। ढोल-नगाड़ों और दमाऊ की गूंज के बीच डोली को नचाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया। दिन-रात चलने वाले इस आयोजन में श्रद्धालु लगातार शामिल रहे।
इस दौरान मान्यता के अनुसार नाग देवता अपने भक्तों पर अवतरित हुए और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। आयोजन के अगले चरण में भगवान नागराज की डोली का विधिवत स्नान कराया गया, जिसके बाद पूरे गांव के लोग डोली के साथ मंदिर तक पहुंचे।
हर वर्ष की तरह इस बार भी ग्रामीणों ने मेले का भव्य आयोजन किया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
ग्राम प्रधान सुनील रौछेला ने बताया कि यह पौराणिक मेला वर्षों से आयोजित होता आ रहा है और इसमें क्षेत्र के सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि नाग देवता की कृपा पूरे क्षेत्र पर बनी रहती है और हर साल हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम ने बताया कि ग्रामीणों की नाग देवता में गहरी आस्था है। लोग दूर-दूर से यहां आकर अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं और नाग देवता उनके कष्ट दूर करते हैं।
वहीं, ग्रामीण संदीप पवार के अनुसार यह दो दिवसीय मेला पूरे गांव के लिए आस्था और परंपरा का प्रतीक है। मेले के दौरान नाग देवता की डोली को गांव में भ्रमण कराया जाता है और स्नान के बाद पुनः नाग मंदिर में स्थापित किया जाता है।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्रीय संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।


