रिपोर्टर: सागर रस्तोगी
तीर्थ नगरी ऋषिकेश में वीकेंड और बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टियों के चलते पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शनिवार और रविवार की लगातार छुट्टियों के कारण आसपास के क्षेत्रों से लाखों की संख्या में पर्यटक गर्मी से राहत पाने के लिए ऋषिकेश पहुंचे, जिससे शहर की सड़कों पर भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
श्यामपुर नटराज बायपास मार्ग से लेकर श्यामपुर-ऋषिकेश मुख्य हाईवे तक हर ओर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सड़कों पर क्षमता से अधिक वाहनों का दबाव होने के कारण यातायात बेहद धीमा हो गया और जगह-जगह जाम लग गया।
स्थिति यह रही कि भीषण गर्मी के बीच वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए, जिससे “मिनटों का सफर घंटों में” बदल गया। हालांकि चार पहिया वाहनों में बैठे पर्यटक एसी की ठंडी हवा में राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन सड़क पर चल रहे पैदल यात्री और दोपहिया वाहन चालक दोगुनी गर्मी और जाम की मार झेलते नजर आए।
चौराहों और प्रमुख मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में जुटे रहे, लेकिन सड़कों की सीमित क्षमता और भारी भीड़ के कारण जाम से राहत नहीं मिल सकी।
स्थानीय लोगों के लिए यह स्थिति और भी परेशान करने वाली रही, क्योंकि रोजमर्रा के कामों के लिए घर से बाजार जाना मुश्किल हो गया। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
सबसे चिंताजनक स्थिति तब देखने को मिली जब ट्रैफिक जाम के बीच से एंबुलेंस को भी वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा।
इस जाम का मुख्य कारण शहर में बढ़ता अतिक्रमण और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था का अभाव बताया जा रहा है, जिससे हर वीकेंड पर यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।


