रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गाँव लिबरहेड़ी में 7 जून को हुई फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया था।
घटना के तुरंत बाद मंगलौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है।
इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घटना के दौरान कुछ लोग फायरिंग करते नजर आ रहे हैं, जबकि अन्य लोग पत्थरबाजी में शामिल हैं।
मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



