रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में हाई कोर्ट के आदेश के बाद जीटी रोड से सटे एक तालाब की नपाई का कार्य दिनभर जारी रहा। इस दौरान तहसील, चकबंदी विभाग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रुड़की के थितकी निवासी मोहित धीमान द्वारा दायर जनहित याचिका के आधार पर हाई कोर्ट ने तालाब की नपाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में चकबंदी कर्मचारियों ने सुबह से शाम तक मौके पर रहकर नपाई की प्रक्रिया पूरी की।
हालांकि, जिस पक्ष ने याचिका दायर की थी, वह मौके पर उपस्थित नहीं रहा। इसे लेकर दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि किसी रजनीश के प्रभाव में यह याचिका दाखिल की गई है। वहीं, याचिका दायर करने वाले पक्ष का कहना है कि उन्होंने यह कदम पूरी तरह जनहित में उठाया है और उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है।
चकबंदी सीओ अनिल सुनील ने बताया कि फिलहाल तालाब की नपाई का कार्य जारी है। नपाई पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसी आधार पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।


