रिपोर्ट: सचिन कुमार
युद्ध और वैश्विक परिस्थितियों के चलते पैदा हुए पेट्रोलियम संकट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से संयम और सहयोग की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों को पेट्रोल-डीजल, खाद और सोने जैसी चीजों की गैरजरूरी खपत कम करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह कोविड काल में देशवासियों ने मिलकर चुनौतियों का सामना किया था, उसी तरह अब भी जिम्मेदारी निभाने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि लोग निजी वाहनों की बजाय मेट्रो और कार पूलिंग का ज्यादा इस्तेमाल करें तथा एक साल तक गैरजरूरी सोने की खरीद से बचने का संकल्प लें।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह बातें हैदराबाद में आयोजित भाजपा की जनसभा के दौरान कही। उन्होंने वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, सप्लाई चेन की समस्याओं और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के कारण बढ़ती महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए सादाब सम्स ने प्रधानमंत्री के आह्वान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि हम सच्चे राष्ट्रवादी हैं तो हमें देश के साथ खड़ा होना होगा। वर्तमान समय में पूरा देश फ्यूल क्राइसिस के दौर से गुजर रहा है और ऐसे में सभी नागरिकों को जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल सरकार के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के लिए है और हर व्यक्ति को ईंधन की बचत तथा संसाधनों के संतुलित उपयोग की दिशा में कदम उठाने चाहिए।


