रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित पिरान कलियर थाना क्षेत्र के हबीबपुर नवादा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नीलू सैनी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता नीतू राम सैनी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी करीब 10 साल पहले बसंत सैनी से हुई थी। शादी के बाद नीलू ने चार बेटियों को जन्म दिया। उनका कहना है कि इसके बाद से ससुराल पक्ष लगातार उसे प्रताड़ित करता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई।
परिजनों का दावा है कि नीलू को पहले भी चोट लगने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। उनका आरोप है कि शुक्रवार देर रात भी उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।



