स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में देवाल मुख्य बाजार में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत देवाल पार्किंग से हुई, जो मुख्य बाजार से होते हुए बाजार के अंतिम छोर तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाए, जिससे पूरा देवाल बाजार देशभक्ति के रंग में रंग गया।
यात्रा में राजकीय इंटर कॉलेज, शिशु मंदिर और विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। बच्चों और कार्यकर्ताओं में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने तिरंगा यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।



