देहरादून: प्रधानमंत्री द्वारा 14 तारीख को दिल्ली-देहरादून सुपर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद दून पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक्सप्रेसवे के चालू होने के साथ ही पुलिस प्रशासन अब पूरे मार्ग पर ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर विशेष रणनीति पर काम कर रहा है।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि नए एक्सप्रेसवे के संचालन के बाद पुलिस टीम लगातार पूरे रूट का गहन निरीक्षण कर रही है। साथ ही, इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा और मसूरी-देहरादून आने वाले पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यह कदम बेहद जरूरी है। खासकर ऋषिकेश और चारधाम जाने वाला ट्रैफिक भी इसी मार्ग से होकर गुजरेगा, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ना तय है।
यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का ट्रायल भी शुरू किया गया है। जरूरत पड़ने पर इन योजनाओं को तुरंत लागू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित व सुगम बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।


