रिपोर्ट: अरशद हुसैन
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। कांग्रेस के महासचिव और मंगलौर से विधायक काज़ी निज़ामुद्दीन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के मुद्दों से ध्यान हटाकर धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है।
रुड़की में मीडिया से बातचीत के दौरान काज़ी निज़ामुद्दीन ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर काम करने के बजाय हिंदू-मुस्लिम की राजनीति में लगी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मजारों को निशाना बनाया जा रहा है और बुलडोजर की कार्रवाई के जरिए मुस्लिम समुदाय में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान विकास से हट चुका है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में करीब 17 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। उनका आरोप था कि सरकार का उद्देश्य गरीबी दूर करना नहीं, बल्कि गरीबों को ही व्यवस्था से बाहर करना बन गया है।
काज़ी निज़ामुद्दीन ने आगे कहा कि देश की जनता अब मौजूदा सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है। उनका दावा है कि आने वाले समय में देश की जनता बदलाव का फैसला करेगी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता प्रशस्त होगा।
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं के इस तरह के बयान उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ती सक्रियता और चुनावी माहौल की आहट माने जा रहे हैं।



