रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: राजधानी देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित 21वीं नेशनल हिमाद्री आइस स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 का दूसरा दिन उत्साह और रोमांच से भरपूर रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर से आए प्रतिभाशाली बच्चों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा और आइस स्केटिंग में उनका उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है।
रेखा आर्य ने कहा कि हिमाद्री आइस स्केटिंग रिंक देश का पहला ऐसा अत्याधुनिक आइस स्केटिंग मैदान है, जिसने उत्तराखंड को शीतकालीन खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय, एशियाई और ओलंपिक खेलों में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है, ताकि प्रदेश के युवा हर स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और पूरे आयोजन में खेल भावना का शानदार माहौल देखने को मिला।



