संवाददाता: सागर रस्तोगी
चम्पावत में नाबालिग बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेशभर में विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में ऋषिकेश के कोयल घाटी क्षेत्र में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
हिमांशु जाटव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने अंकिता भंडारी मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि उस मामले में समय रहते कठोर कार्रवाई की गई होती, तो आज ऐसी घटनाएं दोबारा देखने को नहीं मिलतीं।
वहीं युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने सरकार पर मामले को लेकर संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।


