रिपोर्ट: ललित जोशी
पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जनपद के प्रमुख चौराहों पर शनिवार सुबह 6 बजे से ही पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर में जाम की समस्या से निपटना और पर्यटकों, स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं सड़कों पर मौजूद रहे।
ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडे, निरीक्षक यातायात भवाली महेश चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रकाश मेहरा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मल्लीताल हेमचंद्र पंत तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम एवं प्रभारी सीपीयू हल्द्वानी विमल मिश्रा शामिल रहे। अधिकारियों ने पुलिस जवानों के साथ मिलकर विभिन्न चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों और ट्रैफिक प्लान का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से सुरक्षित यात्रा करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी अपील की है, ताकि वीकेंड के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनी रहे और किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।


