रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ कई संवेदनशील मामलों में सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कुल 171 फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाए।
बैठक के दौरान सबसे गंभीर मामला विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी का सामने आया। शिकायत के अनुसार, करीब 15 युवाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से बातचीत कर आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में एक मानवीय मामला भी सामने आया, जिसमें एक परिवार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन से वंचित है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मेडिकल परीक्षण कराने और एक सप्ताह के भीतर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवार को जल्द राहत मिल सके।
इसके अलावा भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा और आपदा से संबंधित कई शिकायतों पर भी विस्तार से सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, बिजली की लाइनों से जुड़े संभावित खतरों को दूर करने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के भी आदेश जारी किए गए। प्रशासन ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट संदेश दिया कि युवाओं से ठगी, महिलाओं और बुजुर्गों के उत्पीड़न तथा जनहित से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।



