रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जून को आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी “Jaspreet-devil” से एक पोस्ट साझा कर दावा किया था कि 25 जून को उत्तराखंड के सभी थानों में बम विस्फोट किए जाएंगे। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस और डिजिटल जांच के जरिए आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने 28 जून को हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग में निहंग सिखों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट की थी।
देहरादून पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या दहशत फैलाने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



