रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून/केदारनाथ: केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। इसी पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बाबा के दरबार पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर और यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तीर्थयात्रियों के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है।
सुगम दर्शन के लिए पुख्ता इंतजाम
सीएम धामी ने बताया कि बद्री-केदार मंदिर समिति द्वारा इस बार दर्शन व्यवस्था को और बेहतर बनाया गया है, जिससे श्रद्धालु कम समय में सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कर पा रहे हैं।
रिकॉर्ड पंजीकरण के संकेत
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक 18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पंजीकरण हो चुका है, जो इस वर्ष चारधाम यात्रा के नए रिकॉर्ड की ओर संकेत करता है।
ग्रीन यात्रा का आह्वान
सीएम धामी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप देवभूमि को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ‘ग्रीन यात्रा’ का संदेश पूरे देश में पहुंचना चाहिए।
आस्था और व्यवस्था का संतुलन
कपाट खुलने के बाद केदारनाथ धाम में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रशासन और सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिले।


