रिपोर्टर: प्रदीप
जसपुर: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल जैसे दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं, वहीं अब लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भी राज्य की राजनीति में सक्रियता बढ़ा दी है।
इसी क्रम में लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष विशाल ठाकुर ऊधम सिंह नगर दौरे पर जसपुर विधानसभा पहुंचे। यहां पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चौहान और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तराखंड में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है।
जिलाध्यक्ष को मिला नियुक्ति पत्र
मीडिया से बातचीत में विशाल ठाकुर ने बताया कि देहरादून में जिलाध्यक्षों की घोषणा पहले ही कर दी गई थी, लेकिन ऊधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चौहान को नियुक्ति पत्र नहीं मिला था, जिसे अब औपचारिक रूप से सौंप दिया गया है।
अधिकांश सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी
लोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की अधिकांश सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का प्रयास करेगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजनीतिक समीकरणों में हलचल
लोजपा की इस सक्रियता को आगामी चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी उत्तराखंड की राजनीति में कितना प्रभाव बना पाती है।


