रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर में रह रहे बच्चों के लिए 41-सीटर बस सेवा की शुरुआत की गई, जिसे जिलाधिकारी सविन बंसल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सुविधा से अब बच्चों को स्कूल आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह बस डीएमएफ (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) फंड के तहत उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही सेंटर में नव-निर्मित डॉरमेट्री का भी उद्घाटन किया गया, जिससे बच्चों के रहने की व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।
प्रशासन के अनुसार, अब तक कुल 369 बच्चों का रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें से 200 से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया है, जो इस अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
जिला प्रशासन बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है। साथ ही, बाल भिक्षावृत्ति पर नियंत्रण के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत किया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग के लिए होमगार्ड जवानों की तैनाती भी की गई है।
यह पहल न केवल बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत भी देती है।


