उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद जहां कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती की बात की जा रही है, वहीं रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर प्रताड़ना, मारपीट और दूसरी शादी की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पीड़िता के गंभीर आरोप, सबूत भी पेश किए
पीड़िता कायनात का आरोप है कि उसके पति बिलाल उर्फ शेंकी ने उसके साथ लंबे समय से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया है। महिला ने मीडिया के सामने मारपीट की तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसे कई सबूत भी पेश किए हैं।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर आरोपी पति यह कहते हुए सुनाई देता है कि वह दूसरी शादी करेगा और कानून की परवाह नहीं करता।
दूसरी शादी की तैयारी का आरोप
पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि उसका पति दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि आरोपी महिला को मानसिक रूप से परेशान करने के लिए व्हाट्सएप पर एक अज्ञात महिला की दुल्हन के रूप में तस्वीरें भेजता था, जिससे उसे गहरा मानसिक तनाव हो रहा है।
पीड़िता को शक है कि उसके पति ने गुपचुप तरीके से सगाई कर ली है और जल्द ही निकाह करने की तैयारी में है।
6 साल की बच्ची के साथ सड़क पर जिंदगी
इस पूरे विवाद का सबसे दुखद पहलू यह है कि पीड़िता और उसकी 6 साल की मासूम बच्ची अब घर से बेघर हो चुकी हैं। महिला का कहना है कि पति की प्रताड़ना के चलते वह बेहद मुश्किल हालात में जीवन जी रही है और न्याय की तलाश में दर-दर भटक रही है।
UCC को लेकर उठे सवाल
पीड़िता ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उत्तराखंड में UCC लागू है, तो फिर उसका पति दूसरी शादी की धमकी कैसे दे रहा है। उसने सरकार और पुलिस प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस से न्याय की गुहार
कायनात ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वायरल ऑडियो और शिकायत के आधार पर क्या कदम उठाती है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।


