रिपोर्ट: सुभाष चंद
चम्पावत: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस इस मामले को जिले में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।
रेलवे पटरी के पास पकड़ा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टनकपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मनिहारगोठ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान रेलवे पटरी के पास मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई, जिसके पास से 253 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
आरोपी ने किया सप्लायर का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम मंसूरी (21) निवासी मीना बाजार, बनबसा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी हैरी सिंह से खरीदकर स्थानीय युवाओं को बेचता था। पुलिस ने सप्लायर की तलाश तेज कर दी है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
एसपी का संदेश
एसपी रेखा यादव ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



