रिपोर्टर: ललित जोशी
नैनीताल जनपद के भीमताल विकासखंड में आयोजित क्षेत्र पंचायत (BDC) की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े कई अहम जनसरोकारों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, अतिक्रमण और जल जीवन मिशन जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में नैनीताल विधायक सरिता आर्य और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे भी मौजूद रहे।
करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित विकासखंड सभागार में आयोजित बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ग्रामीण इलाकों की बदहाल सड़कों की मरम्मत, नई सड़क निर्माण और पेयजल संकट को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी से ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
बैठक में ग्रामीण स्कूलों की बदहाल स्थिति भी प्रमुख मुद्दा रही। क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहित कुमार ने धुलई स्कूल की जर्जर इमारत का मामला उठाया। वहीं ग्राम प्रधान नाई शिला ने स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, अग्निशमन उपकरणों के अभाव और शिक्षकों की कमी का मुद्दा रखा। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज सूर्या ने जाला स्कूल की स्थिति पर सवाल उठाए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संबंधित अधिकारियों को जाला स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने और शिक्षा व्यवस्था में जल्द सुधार लाने के निर्देश दिए।
पेयजल संकट और जल जीवन मिशन पर चिंता
बैठक में कई ग्राम प्रधानों ने पेयजल संकट को गंभीर समस्या बताया। ग्राम प्रधान अधोड़ा प्रेमा मेहरा ने जल संस्थान से पानी की समस्या के समाधान की मांग की। ग्राम प्रधान पसोली बालम राणा ने जल संस्थान और जल निगम के अलग-अलग बिलों का मुद्दा उठाते हुए समाधान की मांग की।
भौंसा क्षेत्र पंचायत सदस्य सावित्री शर्मा ने बताया कि उनके क्षेत्र में पिछले दो महीनों से पानी की आपूर्ति बंद है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पहले नियमित पानी मिलता था, लेकिन अब ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। अधिकारियों को अधूरे पड़े जल जीवन मिशन के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सड़क, नाली, बिजली और अतिक्रमण के मुद्दे भी उठे
ग्राम प्रधान सलड़ी ने जंतवाल गांव में मोटर मार्ग पर जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग रखी। जंगलिया गांव की ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने ढीले विद्युत तारों को ठीक करने और बिजली के पोल स्थानांतरित करने की मांग की।
बलिया नाला क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर भी चिंता जताई गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि लगातार हो रहे अतिक्रमण से भविष्य में गांवों को खतरा हो सकता है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम प्रधान जितेंद्र चनौतिया ने ताल किनारे सार्वजनिक शौचालय को दोबारा संचालित कराने की मांग रखी।
अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश
बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताई और सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए और भविष्य में इन समस्याओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने भी अधिकारियों से सदन में उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। वहीं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए पंचायत घरों को सुव्यवस्थित बनाने और न्याय पंचायत स्तर पर अधिकारियों की नियमित बैठकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



