उत्तरकाशी: विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तरकाशी की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज मातली में चिकित्सा एवं विधिक जागरूकता/साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्रीय जनता ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला जज एम.एम. सुल्तान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का माहौल सांस्कृतिक एवं जागरूकता से भरपूर रहा।
शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सचिन कुमार (सिविल जज) ने उपस्थित लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं कानूनी जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और कानून का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।


