संवाददाता: सागर रस्तोगी
तीर्थनगरी ऋषिकेश में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में टॉप करने वाले 250 छात्र-छात्राओं को सार्वजनिक मंच से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में योगदान के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
यह विशेष आयोजन ऋषिकेश युवा फाउंडेशन द्वारा देहरादून रोड स्थित एक वेडिंग पॉइंट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंद्र रमोला और संस्था के अध्यक्ष दीपक गौनियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस आयोजन को ‘मेधावी सम्मान संगम’ नाम दिया गया, जिसमें शहर के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जयेंद्र रमोला और दीपक गौनियाल ने बताया कि जल्द ही ‘मेधावी सम्मान संगम’ का दूसरा संस्करण आयोजित किया जाएगा। इसमें सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन न केवल छात्रों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।


