संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के निकट गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन और हिंदुस्तान कंप्यूटर इंस्टिट्यूशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले टॉप 5 छात्र-छात्राओं — समीर नौटियाल, स्तुति मटियाल, रोबिन सिंह, तपस्या और आयुष रावत — को पुष्पमाला, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्रों के अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मेधावियों को मिलेगी आजीवन मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा
कार्यक्रम के दौरान हिंदुस्तान कंप्यूटर इंस्टिट्यूशन के निदेशक राहुल कुमार ने मेधावी छात्रों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि संस्थान की ओर से टॉप 5 छात्र-छात्राओं को आजीवन मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने छात्रों को संस्थागत प्रमाण पत्र भी वितरित किए और उन्हें तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी।
विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे एवं प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों राहुल कुमार, अंजली आर्य, शिवानी, पल्लवी, प्रिया और कुंदन का पटका एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
छात्रों की सफलता पर खुशी का माहौल
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान के महत्व पर भी जोर दिया गया और छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।


