रिपोर्टर : धर्मेंद्र सिंह
पर्यटन नगरी मसूरी में लंबे समय से प्रस्तावित शटल सर्विस अब आखिरकार कल से शुरू होने जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने आज किंक्रेग स्थित कार पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन का मानना है कि शटल सेवा शुरू होने से मसूरी में टेंपो ट्रैवलर और बड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।
मसूरी में पर्यटन सीजन शुरू होते ही ट्रैफिक व्यवस्था बड़ी चुनौती बन जाती है। इसी को देखते हुए प्रशासन द्वारा पहले भी कई दौर की बैठकें आयोजित की गई थीं। गत वर्ष जिलाधिकारी ने शटल सेवा शुरू करने और इसके लिए उपयुक्त स्थान चयन के निर्देश दिए थे। इसके बाद गज्जी बैंड के निकट पार्किंग, शटल सेवा कार्यालय और प्रकाश व्यवस्था का कार्य भी किया गया था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के चलते योजना को स्थगित करना पड़ा था।
अब एक बार फिर शहरवासियों और पर्यटन सीजन की जरूरत को देखते हुए प्रशासन ने शटल सेवा को लागू करने का निर्णय लिया है। उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि बड़े मोड़ और किंक्रेग से शटल सेवा संचालित की जाएगी। पर्यटकों के लिए लाइब्रेरी चौक पर ड्रॉपिंग प्वाइंट बनाया गया है, जहां यात्रियों को उतारने के बाद वाहन वापस शटल सेवा प्वाइंट पर लौट जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बड़े टेंपो ट्रैवलर वाहनों को कार पार्किंग में पार्क किया जाएगा ताकि शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम हो सके। साथ ही टैक्सी यूनियन ने भी प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया है, जिससे ड्रॉपिंग प्वाइंट पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके और जाम की स्थिति न बने।
टैक्सी यूनियन के प्रधान सुमित ने कहा कि प्रशासन के प्रयासों से एक बार फिर शटल सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे स्थानीय लोगों के रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और शहर में लगने वाले अनावश्यक जाम से भी राहत मिलेगी।


