रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के कई हिस्सों के लिए आगामी दिनों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, 3 से 5 मई के बीच मौसम के और अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि इस अवधि में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
खास तौर पर देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 6 मई से मौसम की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है।


