विकासनगर: जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर मंगलवार को विकासनगर नगर पालिका सभागार में सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ना था।
शिविर में समाज कल्याण विभाग के नेतृत्व में कई विभागों ने भाग लिया। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों के आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर के दौरान 80 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया। वहीं, समाज कल्याण विभाग ने पेंशन और ऋण योजनाओं के संबंध में 200 लाभार्थियों को जानकारी देकर उनके आवेदन पत्र भरवाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चार महालक्ष्मी किट का वितरण किया गया। किट का वितरण मुख्य अतिथि विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने किया।
इस अवसर पर सहायक प्रबंधक दिगंबर सजवाण, विशाल बिरला, उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि, अनुपमा टांक (सदस्य, राज्य अनुश्रवण समिति मैनुअल स्कैवेंजर), शाहना बेगम (प्रधान, नवाबगढ़), सभासदों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे विशेष शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है, ताकि पात्र परिवार समय पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।



