संवाददाता: अरशद हुसैन
देशभर में NEET-UG परीक्षा विवाद और पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी के विरोध में रुड़की में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
Roorkee में निकाला गया यह मशाल जुलूस यूथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ओवैस अंसारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में युवा हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की।
नगर निगम चौक से शुरू हुआ जुलूस
मशाल जुलूस नगर निगम चौक से शुरू होकर सिविल लाइंस और मुख्य बाजार सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्र सरकार और NTA के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
“पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में”
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है और युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा कम होता जा रहा है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मशाल रैली में गौरव गोयल, सुभाष सैनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
युवाओं ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा कि देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


