संवाददाता: सागर रस्तोगी
उत्तराखंड के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में शनिवार को एक होटल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना बजरंग सेतु पुल के निकट स्थित एक होटल के टॉप फ्लोर पर हुई, जहां अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी।
आग की लपटें उठते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते फायर यूनिट की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना लक्ष्मण झूला के माध्यम से फायर यूनिट को होटल के ऊपरी तल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर यूनिट प्रभारी भूपेश त्यागी के नेतृत्व में टीम जरूरी अग्निशमन उपकरणों के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि होटल के टॉप फ्लोर पर रखे सामान में आग लगी हुई थी, जो तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर टीम ने मिनी वाटर टेंडर के होजरील की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
फायर टीम की सूझबूझ और तेज कार्रवाई के चलते आग को जल्द ही काबू में कर लिया गया और कुछ ही समय में पूरी तरह बुझा दिया गया। समय पर नियंत्रण पाने के कारण आग होटल के अन्य हिस्सों में नहीं फैल पाई, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


