रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून में नंदा चौकी के पास हाल ही में तैयार किया गया नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश में चर्चा का विषय बन गया। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की एप्रोच रोड का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया और पुल पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी।
बारिश के दौरान एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने तत्काल पुल पर यातायात बंद कर दिया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
इस मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और केवल एप्रोच रोड को नुकसान पहुंचा था, जिसे ठीक करा लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में सड़कों और पुलों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि आवश्यकता महसूस हुई तो मामले की जांच भी कराई जाएगी।
इस बीच उत्तराखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।



