उत्तराखंड के रुड़की में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। यह घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास की बताई जा रही है। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली।
बोनट से उठे धुएं के बाद भड़की आग
जानकारी के अनुसार, बढ़ेड़ी राजपूतान गांव निवासी इल्तिज़ा अपनी कार से दवाएं लेने के लिए सहारनपुर जा रहे थे। सफर के दौरान अचानक कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया।
कुछ ही सेकेंड में स्थिति गंभीर हो गई और कार के अगले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं। खतरा भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर कूद गए।
देखते ही देखते कार बनी आग का गोला
कार से बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क के बीचों-बीच जलती कार को देखकर एक्सप्रेसवे पर हड़कंप मच गया और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
चालक ने कंपनी पर लगाए आरोप
घटना के बाद चालक इल्तिज़ा ने कार कंपनी पर गंभीर सवाल उठाए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बड़ा हादसा टला
हालांकि यह हादसा बेहद खतरनाक था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक के बाहर निकलने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।


