रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: मंगलौर क्षेत्र में कथित गौकशी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मंगलौर चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। संगठन ने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस को क्षेत्र में गौकशी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस और हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब दो कुंतल संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से मांस कटान का कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा है। उनका कहना है कि अधिकृत स्लॉटर हाउस के बजाय कुछ लोग घरों में ही मांस कटान कर रहे हैं और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से उसे बाजार में बेचने का काम किया जा रहा है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए।
मंगलौर चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



