रिपोर्टर: धर्मेंद्र सिंह
मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन लगातार नए कदम उठा रहा है। अब ईको टैक्स सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल करने की दिशा में कार्य शुरू हो गया है, जिससे जाम और अव्यवस्था पर नियंत्रण पाया जा सके।
पर्यटक सीजन में मसूरी की सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिलती है, जिसके कारण कई बार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या को देखते हुए डिजिटल टैक्स सिस्टम की योजना तैयार की गई है।
नगर पालिका के अनुसार, डिजिटल सिस्टम लागू होने से वाहनों की एंट्री और टैक्स कलेक्शन तेज और पारदर्शी होगा। इससे मैन्युअल प्रक्रिया में होने वाली देरी खत्म हो जाएगी।
स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से न केवल ट्रैफिक सुचारू होगा बल्कि राजस्व संग्रहण भी बेहतर तरीके से हो पाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि आने वाले समय में मसूरी को स्मार्ट ट्रैफिक मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।



