टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता का दावा, दस्तावेज दिखाकर लगाए गंभीर आरोप
जनपद पौड़ी गढ़वाल की नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जोंक एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। नगर पंचायत पर टेंडर प्रक्रिया में करोड़ों रुपये के घपले का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर उच्च स्तरीय जांच की मांग भी उठाई गई है।
पत्रकार वार्ता में लगाए गंभीर आरोप
क्षेत्र से पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रह चुकी हिमानी राणा के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा ने कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पत्रकारों को विभिन्न दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि वर्ष 2023 से अब तक एक टेंडर के माध्यम से करीब 5 करोड़ रुपये का घपला किया गया है।
शुभम झा का कहना है कि उनके पास इस पूरे मामले से जुड़े प्रमाणित दस्तावेज मौजूद हैं, जो कथित वित्तीय अनियमितताओं की ओर इशारा करते हैं।
जानलेवा हमले का भी लगाया आरोप
प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा ने आरोप लगाया कि घपले को उजागर होने से रोकने के लिए उन पर जानलेवा हमला कराया गया। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने उन पर चाकू से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुए।
उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि भविष्य में उनके साथ कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
नगर पंचायत अधिकारी ने क्या कहा?
मामले में जब नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जोंक के अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी है तो वह लिखित शिकायत दे।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बना मामला
टेंडर में करोड़ों रुपये के कथित घपले और हमले के आरोपों के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके।


