रिपोर्टर: अरशद हुसैन
उत्तराखंड में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। हर वर्ष लाखों की संख्या में आने वाले कांवड़ियों को देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि इस बार केवल स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। रेलवे स्टेशनों और प्रमुख मार्गों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) भी पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।
उन्होंने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय कर दी गई है। शनिवार से उन्हें उनके निर्धारित स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले ही पूरी व्यवस्था सक्रिय हो जाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी। वहीं प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इससे यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।



