रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सेलाकुई पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी स्कूटी की डिक्की में कैटामाइन छिपाकर उसकी सप्लाई करने जा रहे थे। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। बरामद पदार्थ की मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने जांच की, जिसमें उसकी पहचान कैटामाइन के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार, निवासी सेलाकुई और अंकित तिवारी, मूल निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ड्रग्स कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



